केंद्र और प्रदेश सरकार व समाज विनय नरवाल के परिवार के साथ: हरविन्द्र कल्याण

Lt. Vinay Narwal

Lt. Vinay Narwal: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (Lt. Vinay Narwal) की हत्या से जो क्षति हुई है वह अपूर्णीय है लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार व समाज हमेशा उनके परिवार के साथ है। विनय में देश के लिए कुछ करने का जज्बा था।

Advertisement

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण आज यहां डा. मंगलसेन ऑडिटोरियम में आयोजित विनय नरवाल की श्रद्धांजलि सभा में बोल रहे थे। इससे पहले उन्होंने विनय नरवाल के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि आज यह दुख का ऐसा पल है जब सभी वीर सपूत विनय नरवाल को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्र हुए हैं। यह ऐसा भावुक क्षण है जब पूरे देश की आंखें नम हैं। ऐसी घटना जिसने पूरे समाज, मानवता और राष्ट्र को हिलाकर रख दिया।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि वीर सपूत विनय के जीवन की शुरुआत हो रही थी, उन्हें बहुत आगे जाना था। विनय में देश के लिए कुछ करने का जज्बा था लेकिन इस घटना में विनय सहित देश के कई लोग आतंकवाद की बली चढ़ गए। उन्होंने कहा कि विनय बेहद साहसी था। यदि उस समय विनय के हाथों में कुछ होता तो वे निश्चित रूप से ऐसा मुंह तोड़ जवाब देते जिससे पता चलता कि वीरता क्या होती है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में विनय की पत्नी हिमांशी ने भी बहुत बहादुरी दिखाई है। आज पूरा समाज व सरकार इस परिवार के साथ है।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि विनय की बहन ने भी आज भावुकता के साथ मन के उद्गार व्यक्त किए। हकीकत में हर व्यक्ति खुद को उस स्थान पर रखता है तो हिल जाता है। परिवार के सदस्य पूरे साहस के साथ एक-दूसरे को संभाल रहे हैं। सभी भविष्य में भी इसी प्रकार इस परिवार के साथ रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घटना के प्रति बहुत गंभीर है। उन्होंने जिस प्रकार सेना को कार्रवाई के लिए खुली छूट दी है, निश्चित रूप से घटना को अंजाम देने वालों के साथ ऐसा होगा जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। क्षेत्र का जनप्रतिनिधि होने के नाते और खुद को नरवाल परिवार का सदस्य मानते हुये उन्होंने परिवार को संबल देने के लिये आए हुए सभी का आभार जताया।

इस मौके पर करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, डीसी उत्तम सिंह, एसपी गंगाराम पूनिया, गजेंद्र फोगाट, एसडीएम अनुभव मेहता, नौसेना मुख्यालय की ओर से कैप्टन अमित पुरी, कैप्टन शोभित अग्रवाल, लेफ्टिनेंट प्रिया, नौसेना अधिकारी, विनय के पिता राजेश नरवाल, माता आशा देवी, दादा हवा सिंह, विनय की पत्नी हिमांशी, विनय की बहन सृष्टि, हिमांशी के पिता सुनील स्वामी, पूनम, महेश यादव व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt
Back to top button