आज से सिलेंडर हुआ ₹111 महंगा: कारों के दाम भी बढ़े, जनवरी में होने वाले 6 बदलाव

New Year Update: आज 1 जनवरी 2026 से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 111 रुपए बढ़ गए हैं। वहीं कार खरीदने के लिए भी आपको ज्यादा कीमत चुकानी होगी। केंद्र सरकार ने 8वां वेतन आयोग लागू करने का भी ऐलान किया है। अभी टाइमलाइन नहीं बताई गई है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि यह जनवरी 2026 से लागू हो सकता है।
12 जनवरी से दिन में रेलवे रिजर्वेशन के लिए आधार जरूरी
12 जनवरी से ऐसे यूजर्स जिनका अपना IRCTC अकाउंट आधार से लिंक नहीं है, वे सुबह 8 से रात 12 बजे तक टिकट बुक नहीं कर सकेंगे। यह नियम केवल रिजर्व टिकट बुकिंग खुलने के पहले दिन के लिए हैं।
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 111 रुपए तक बढ़े (New Year Update)
आज से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 111 रुपए तक महंगा हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 111 रुपए बढ़कर ₹1691.50 हो गई है। पहले यह ₹1580.50 में मिल रहा था। वहीं मुंबई में यह अब 111 रुपए महंगा होकर 1642.50 रुपए में मिलेगा।
हुंडई, MG, निसान जैसी कंपनियों की कारें महंगी
1 जनवरी 2026 से कई कार कंपनियों ने भारत में अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। इसमें हुंडई, MG, निसान जैसी कंपनियां शामिल हैं। ये बढ़ोतरी मुख्य रूप से इनपुट कॉस्ट, लॉजिस्टिक्स खर्च और करेंसी फ्लक्चुएशन की वजह से है। ज्यादातर बढ़ोतरी 2-3% तक है।
एविएशन फ्यूल के दाम घटने से हवाई टिकट सस्ता हो सकता है
नए साल पर हवाई यात्रा करने वालों को राहत मिलने की उम्मीद है। तेल कंपनियों ने एविएशन फ्यूल के दाम करीब 7 हजार रुपए घटा दिए हैं। दिल्ली में फ्यूल के दाम ₹99,676.77 से घटकर ₹92,323.02 प्रति किलोलीटर हो गए हैं।
CNG और घरेलू PNG सस्ती होंगी (New Year Update)
पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड (PNGRB) ने 1 जनवरी 2026 से गैस ट्रांसपोर्टेशन चार्ज को कम किया है। इसके बाद देश के अलग-अलग राज्यों में CNG और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG की कीमतें ₹2-3 प्रति यूनिट तक घट जाएंगी।
आठवें वेतन आयोग से बढ़ सकती है सैलरी
केंद्र सरकार ने 8वां वेतन आयोग लागू करने का ऐलान किया है। अभी टाइमलाइन नहीं बताई गई है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि यह जनवरी 2026 से लागू हो सकता है।
सरकार का कहना है कि इसका मकसद केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और अलाउंस को रिवाइज करना है। इससे कर्मचारियों को मिलने वाली रकम बढ़ेगी।




