बच्चों के विकास में आंगनबाड़ी केंद्र की अहम भूमिका: श्रुति चौधरी

Shruti Chaudhary: हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने आज जिला के गांव झंझाड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्रुति चौधरी (Shruti Chaudhary) ने आंगनबाड़ी केंद्र के विभिन्न रजिस्टरों की जांच की। बच्चों की उपस्थिति, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को भी जांचा। इस दौरान उन्होंने केंद्र में मौजूद बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की और उनकी शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
मंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र में साफ-सफाई व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी और बच्चों की संख्या के अनुरूप उचित स्थान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यहां सुरक्षित वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों की देखभाल और पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने और उन्हें सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सीमा प्रसाद तथा सीडीपीओ सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




