रालोद-भाजपा गठबंधन में दरार! पहले मंत्री ने साधा निशाना अब भाजपा विधायक और RLD MLC में ठनी

RLD-BJP alliance: लोकसभा चुनाव में दोस्ती करने वाली रालोद और भाजपा (RLD-BJP alliance) के गठबंधन में अब दरार पड़ती दिख रही है। सत्ताधारी दल के विधायक और रालोद के पूर्व विधायक और एमएलसी में तनातनी ने सियासी दोस्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने रालोद को पट्टपांव (अशुभ) पार्टी करार दिया, अब भाजपा के मांट विधायक राजेश चौधरी ने रालोद एमएलसी योगेश नौहवार पर सरकारी विकास कार्यों पर अपनी शिलापट्टिका अवैध रूप से लगाने की शिकायत सीएम से की। अवैध पट्टिकाएं हटाने का आदेश भी लोक निर्माण विभाग ने दे दिया।
Also Read This: IMPS चार्ज में SBI का बड़ा बदलाव: आज से लागू होंगे नए नियम
रालोद और भाजपा के नेताओं में तनातनी से दोनों दलों के अन्य नेता भी असहज महसूस कर रहे हैं। इसका असर अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव और फिर विधानसभा चुनाव में भी दिखेगा। दोनों दलों में दरार कैसे पड़ी, इसे भी जरा समझ लीजिए। पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह और गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के बीच वर्षों से छाता विधानसभा में सियासी खींचतान है। पिछले दिनों तेजपाल सिंह के घर रालोद मुखिया जयन्त चौधरी पहुंचे तो फिर मीडिया में तेजपाल सिंह ने बयान दिया कि इस बार छाता की सीट रालोद के खाते में आएगी और उनका बेटा चुनाव लड़ेगा।
इस पर चौधरी लक्ष्मी नारायण ने मीडिया में बयान जारी कर रालोद को पट्टपांव पार्टी बताया और कहा कि जिसके साथ यह दल रहता है, उसका सूपड़ा साफ होता है। पार्टी नेतृत्व तक शिकायत हुई, तो चौधरी लक्ष्मी नारायण ने पलटी मारी और मीडिया पर ठीकरा फोड़ते हुए अपना आदर्श चौधरी चरण सिंह को बताया। दोनों दलों को साथ लेकर काम करने की बात कही। दूसरे तेजपाल सिंह ने पंचायत चुनाव भी अलग-अलग लड़ने और जिसके सदस्य ज्यादा होने उस दल का जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने की बात कही। भले ही चौधरी लक्ष्मी नारायण ने बयान बदल दिया, लेकिन जो खाई बढ़ी, उसे पाटना इतना आसान नहीं है।
अब नया राजनीतिक विवाद मांट विधानसभा क्षेत्र में मचा है। यहां से भाजपा विधायक राजेश चौधरी और रालोद से एमएलसी योगेश नौहवार में ठन गई है। राजेश चौधरी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़े और जीते, जबकि योगेश नौहवार पूर्व में यहां से चुनाव लड़ चुके हैं। दोनों नेताओं की नजर में मांट सीट है। कई विकास कार्य ऐसे हैं, जिनमें शिलान्यास का पत्थर राजेश चौधरी का लगा है और कुछ दूरी पर लोकार्पण की शिलापट्टिका योगेश नौहवार की लगी। पिछले दिनों राजेश ने इसकी शिकायत सीएम योगी आदित्यनाथ ने से की।
आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी पैसे से अवैध रूप से पट्टिका लगा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने अवैध पट्टिका हटाने का निर्देश भी दिया। मामला यहीं तक सीमित नहीं है, दोनों के कार्यकर्ताओं में भी काफी समय से पालेबंदी है। इस बीच रविवार रात सुरीर क्षेत्र में सीसी मार्ग और गांव नगला मौजी मार्ग पर लगीं दो शिलापट्टिकाएं अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दीं। कुछ दिनों पहले सुरीर में बैकुंठी घाट मार्ग और गांव इरौली जुन्नारदार में विधायक राजेश चौधरी के नाम की शिलापट्टिकाएं भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। भले ही इस विवाद में पार्टी के अन्य पदाधिकारी और नेताओं ने चु्प्पी साध ली है, लेकिन इसके दूरगामी संकेत अच्छे नहीं दिख रहे हैं।
RLD-BJP alliance: ब्रज क्षेत्र में मथुरा में रालोद सबसे मजबूत
राष्ट्रीय लोकदल ब्रज क्षेत्र में मथुरा में सबसे मजबूत स्थिति में है। वर्ष 2009 में भाजपा से गठबंधन में जयन्त चौधरी सांसद बने, हालांकि 2014 के चुनाव में भाजपा की हेमा मालिनी ने जयन्त को पराजित कर दिया। लगभग हर विधानसभा क्षेत्र में रालोद का अच्छा दखल है। 1977 में हाथरस का सादाबाद भी मथुरा में था, तब पांचों विधानसभा सीटों पर रालोद का कब्जा था।
एमएलसी के नाम की शिलापट्टिकाएं टूटने की मुझे जानकारी नहीं है। लेकिन यह अवैध रूप से लगाई गई हैं। यदि शिलापट्टिकाएं लगाने की एमएलसी के पास कोई आदेश है तो दिखाएं और फिर जिले में अन्य एमएलसी हैं, उनकी पट्टिकाएं भी लगाई जाएं। जल्द ही इस मामले में कार्रवाई भी होगी। राजेश चौधरी, विधायक, मांट
रालोद एलएलसी योगेश नौहवार ने कहा कि अब तक पांच शिलापट्टिकाएं विधायक राजेश चौधरी के कहने पर तोड़ी गई हैं। इस मामले में मैं डीएम से शिकायत कर रहा हूं। जो भी शिलापट्टिका लगी हैं, वैध रूप से लगी हैं।
पार्टी के विधायक और रालोद नेताओं के बीच जो भी विवाद है, उसे हम गठबंधन धर्म निभाते हुए बैठकर निपटा लेंगे, इसका कहीं कोई असर नहीं है। निर्भय पांडेय, जिलाध्यक्ष, भाजपा
रालोद जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह भरंगर ने कहा, यह निजी हितों की लड़ाई है। इसमें पार्टी स्तर पर कोई विवाद नहीं है। हमने सारी जानकारी पार्टी नेतृत्व को दे रखी है।
NEWS SOURCE Credit: jagran




