IPL पर फैसला अगले 48 घंटों में: किन शहरों में हो सकते हैं बाकी बचे 16 मुकाबले

IPL Match: पाकिस्तान के साथ तनाव के कारण 9 मई को IPL 2025 सस्पेंड करना पड़ा था। तब BCCI ने कहा था कि देश इस समय युद्ध की स्थिति में है और ऐसे में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन ठीक नहीं है। अब पाकिस्तान के साथ सीजफायर समझौता हो चुका है। ऐसे में लीग के बचे हुए मुकाबले कराने को लेकर BCCI मंथन कर रहा। इसके लिए सरकार से सुझाव लिए जा रहे हैं और अगले 48 घंटों में इस पर कोई फैसला लिया जा सकता है।
किन टीमों के मुकाबले बाकी हैं?
मुंबई, कोलकाता, राजस्थान और चेन्नई के दो-दो लीग मैच बाकी हैं। बाकी टीमों के तीन-तीन लीग मुकाबले अभी होने हैं। टीमों की स्थिति नीचे दिए पॉइंट्स टेबल से समझ सकते हैं। एक टीम को 14 लीग मैच खेलने होते हैं।
कब हो सकते हैं मुकाबले?
IPL 2025 के तहत 74 मैच खेले जाने थे। 8 मई तक 58 मैच हो चुके थे। यानी अब 16 मुकाबले बाकी हैं। इनमें 12 मैच लीग स्टेज के हैं और 4 मैच प्ले ऑफ स्टेज के हैं। BCCI की कोशिश है कि लीग को मई में ही पूरा कर लिया जाए। पहले तय शेड्यूल के मुताबिक 25 मई फाइनल होना था। 11 और 18 मई को डबल हेडर मुकाबले होने थे। यानी एक दिन में दो-दो मैच। अब मई में ही लीग खत्म करने के लिए बोर्ड को डबल हेडर की संख्या बढ़ानी पड़ सकती है।
IPL Match: क्या सभी विदेशी खिलाड़ी भारत में मौजूद हैं?
नहीं। BCCI ने जब लीग को सस्पेंड करने का फैसला किया था तब विदेशी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को उनके देश लौट जाने के लिए कहा गया था। इनमें से कई खिलाड़ी अपने घर लौट गए हैं। उन्हें दोबारा बुलाया जाएगा। इस समय दुनिया में कहीं कोई और बड़ी सीरीज नहीं हो रही है लिहाजा इसमें ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कितनी टीमें प्ले ऑफ की होड़ में कायम हैं?
IPL की 10 में से तीन टीमें प्ले ऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी हैं। हैदराबाद, राजस्थान और चेन्नई ये तीन टीमें हैं। बाकी टीमें अभी प्ले ऑफ की रेस में बरकरार हैं।
किन शहरों में हो सकते हैं बचे हुए मुकाबले?
जो 16 मुकाबले बाकी हैं वे पहले तय कार्यक्रम के मुताबिक 9 अलग-अलग शहरों में होने थे। इनमें लखनऊ, हैदराबाद, अहमदाबाद, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु, मुंबई, जयपुर और कोलकाता शामिल हैं। अभी यह तय नहीं है कि ये मुकाबले इन तमाम शहरों में होंगे या इनमें कटौती होगी।




