रोहतक ACB ने जेई को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार: 88 हजार की ठेकेदार से की थी मांग

Anti Corruption Bureau: रोहतक एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वत लेने के मामले में जनस्वास्थ्य विभाग झज्जर के जेई अंकित को रंगे हाथ पकड़ा। एसीबी की टीम ने आरोपी से रिश्वत के 48 हजार रुपए बरामद किए। एसीबी टीम ने आरोपी के खिलाफ रोहतक एसीबी थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
Also Read This: टीम कप्तान और आशियाना फाउंडेशन के सहयोग से 105 रक्तदाताओं, 10 नेत्रदान और 1 व्यक्ति ने किया देह दान
शिकायतकर्ता ने एसीबी टीम को दी शिकायत में बताया कि वह ठेकेदारी का कार्य करता है। उसने जनस्वास्थ्य विभाग झज्जर में सफाई कार्य का ठेका लिया हुआ है। कार्य करने के बाद बिल का भुगतान करने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। ऐसे में जेई अंकित ने बिल का भुगतान करने की एवज में उससे 88 हजार रुपए रिश्वत मांगी।
ठेकेदार के माध्यम से पहले दिए 26 हजार
शिकायतकर्ता ने बताया कि सफाई कार्य का 15 लाख रुपए का बिल और एलईडी लाइट संबंधित कार्य का इंद्राज एमबी में दर्ज करने की एवज में 88 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। इसमें से 26 हजार रुपए ठेकेदार हितेंद्र के माध्यम से जेई अंकित को पहले दिए गए है। अब 48 हजार रुपए और मांगे जा रहे थे।
Anti Corruption Bureau: आरोपी के खिलाफ एसीबी रोहतक थाने में केस दर्ज
ACB प्रवक्ता ने बताया कि रिश्वत के मामले में एसीबी टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। ठेकेदार से रिश्वत लेने के मामले में आरोपी जेई अंकित के खिलाफ एसीबी रोहतक थाने में केस दर्ज किया गया है। एसीबी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। कल आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जलघर गुरुग्राम रोड झज्जर से पकड़ा जेई
एसीबी प्रवक्ता ने बताया कि ठेकेदार की शिकायत पर टीम का गठन किया गया। आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई। ठेकेदार ने आरोपी को रिश्वत के रुपए देने के लिए जलघर गुरुग्राम रोड झज्जर बुलाया। जहां रिश्वत के रुपए लेते हुए आरोपी अंकित को रंगे हाथ पकड़ा गया।




