पहलगाम हमले में मारे गए नेवी लेफ्टिनेंट को बहन ने दिया कंधा; आतंकियों ने पत्नी के सामने मारी थी सिर में गोली

Lieutenant Vinay Narwal: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले (Terrorist attack) में मारे गए नेवी के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का अंतिम संस्कार मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट में हुआ। CM नायब सैनी भी लेफ्टिनेंट के घर पहुंचे हैं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की। CM ने जींद में रखा कार्यक्रम रद्द कर दिया था। करनाल में घर पर दर्शन के बाद उनकी अंतिम यात्रा मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट पहुंच गई है।
इस दौरान बहन ने भी उन्हें कंधा दिया। अंतिम यात्रा में उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए जनसैलाब उमड़ा है। लोग विनय नरवाल अमर रहे और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं।
लेफ्टिनेंट नरवाल (Lieutenant Vinay Narwal) के पार्थिव शरीर को दोपहर 4 बजे पहलगाम से पहले दिल्ली और फिर करनाल लाया गया। लेफ्टिनेंट नरवाल को आतंकियों ने सोमवार को पहलगाम की बैसरन घाटी में नाम पूछने के बाद सिर में गोली मारी थी। जब फायरिंग की गई, तब उनकी पत्नी साथ में थीं।
इससे पहले नवविवाहित पत्नी लेफ्टिनेंट के पार्थिव देह से लिपटकर रो पड़ीं। विनय का पार्थिव शरीर करनाल लाने से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर लाया गया था। जहां गुरुग्राम की रहने वाली पत्नी हिमांशी ने विनय के लिए कहा- आई एम प्राउड ऑफ यू (मुझे आप पर गर्व है)। हिमांशी ने विनय को सैल्यूट करते हुए जय हिंद कहा।