किसानों की आय में इजाफे के लिये बढ़ानी होगी पैदावार: चौहान

Shivraj Singh Chauhan

Shivraj Singh Chauhan: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने कहा है कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए पैदावार को बढ़ाना होगा। गेहूं की ऐसी किस्में विकसित करनी होंगी जिनमें पानी कम लगे, तापमान बढऩे पर भी अधिक पैदावार हो, ग्लूटेन की मात्रा कम हो और अनाज भी पौष्टिक हो। उन्होंने गेहूं और जौ की नई किस्में विकसित करने के लिए यहां के भारतीय गेहूं और जौ अनुसंधान संस्थान के कृषि वैज्ञानिकों को बधाई दी।

Advertisement

श्री चौहान आज यहां भारतीय गेहूं और जौ अनुसंधान संस्थान में जीनोम संपादन प्रयोगशाला का लोकार्पण करने के बाद कृषक संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा है कि 1960 के दशक में भारत को अमेरिका से पीएल-480 किस्म का निम्न स्तर का गेहूं आयात करना पड़ता था। आज भारत में गेहूं की नई-नई किस्में विकसित की जा रही हैं जिसकी बदौलत गेहूं पैदावार में भारत चीन के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। कई देशों को तो भारत मुफ्त में अनाज उपलब्ध करा रहा है। देश में अनाज के भंडार भरे हैं।

कृषक संवाद में प्रगतिशील किसान विकास चौधरी ने बताया कि गेहूं की विकसित किस्म का प्रयोग कर उन्होंने एक एकड़ में 27 क्विंटल अनाज पैदा किया है। सीमा देवी ने बताया कि एक वक्त था जब उन्हें गांव में फलां.. की बहू कह कर पुकारा जाता था पर आज सब उन्हें ड्रोन दीदी के नाम से जानने लगे हैं।

इस मौके पर निदेशक रतन तिवारी ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक दशक में गेहूं का रकबा 8 और पैदावार 25 प्रतिशत बढ़ी है। जौ का रकबा घटने के बावजूद पैदावार में इजाफा हुआ है। यह सब उन्नत किस्मों के कारण संभव हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt
Back to top button