पीओके हमारा है और आ रहा है: महाकाल कैलाशपुरी महाराज

Mahakal Kailashpuri Maharaj: भैरव अखाड़ा के प्रमुख महाकाल स्वामी कैलाशपुरी महाराज ने पहलगाम पर हुए आतंकी हमले में हुई 26 निर्दोष लोगों की हत्या को मानवता और इंसानियत की हत्या बताते हुए कहा कि पाकिस्तान के पाप के कर्मों का घड़ा अब छलकने लगा है। इसलिए अब समय आ गया है कि पाकिस्तान के हैवानों के कर्मों का हिसाब किताब पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समूचा विश्व भारत के साथ खड़ा है और देश की जनता मोदी के साथ। ऐसे में भारत के पास पाक अधिकृत कश्मीर वापस हासिल करने का जो अवसर हाथ लगा है उसे किसी हाल में नहीं खोना चाहिए।
पाक अधिकृत कश्मीर हमारा है और आ रहा है। महाकाल स्वामी कैलाशपुरी ने कहा कि अभी नहीं तो फिर कभी नहीं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चाहिए कि भारत के अभिन्न अंग को भारत के मस्तक के साथ जोड़कर 140 करोड़ देशवासियों को गौरवान्वित करें। उन्होंने कहा कि इस बार पाकिस्तान के साथ अगला पिछला सारा हिसाब किताब देश की मोदी सरकार पूरा करेगी। पाकिस्तान का ऐसा हाल होगा कि पाकिस्तान पूरी तरह से अपाहिज हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत की कार्रवाई के बाद विश्व का कोई भी देश पाकिस्तान की ओर ना तो खड़ा होगा और ना ही रुख करेगा। उन्होंने कहा कि भारत की चेतावनी के बाद अब पाक एटमी हमले की धमकी दे रहा है मगर पाक के हुक्मरानों के पास एटम बम चलाने की ना तो औकात है और ना ही ताकत। उन्होंने कहा कि भारत से ही छीनी गई धरती पाकिस्तान पिछले कई देशों से भारत के ही खिलाफ इस्तेमाल कर रहा है। मगर पाक हुक्मरानों और मानवता के दुश्मन मुनीर को यह सोचना चाहिए था कि जिस मोदी को वह चुनौती देने जा रहे हैं उन्हें इस देश की जनता ने तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाया है।
महाकाल स्वामी कैलाशपुरी महाराज (Mahakal Kailashpuri Maharaj) ने कहा कि अभी तो भारत ने कुछ शुरू भी नहीं किया मगर पाकिस्तान के नेता और उनकी सेना इधर-उधर भागती फिर रही है। उन्होंने कहा कि लगता है कि भारत की कार्रवाई से पहले ही पाकिस्तान कंगाल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जब भारत की कार्रवाई होगी तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख या तो देश छोड़कर भाग जाएंगे या फिर किसी बिल में घुस जाएंगे।
उन्होंने दावा किया कि भारत की कार्रवाई से पहले ही पाकिस्तान में बगावत हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व जान चुका है कि पाकिस्तान आतंकवादियों का अड्डा है और इस बार मोदी के हाथों आतंक का सफाया होना पूरी तरह से निश्चित है। महाकाल स्वामी कैलाशपुरी ने दावा किया कि पाकिस्तान के खिलाफ होने जा रही कार्रवाई में भारत की जीत होगी और नरेंद्र मोदी विश्व के मजबूत नेता के तौर पर उभर कर सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि भारत को आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करने में इसलिए देरी हो रही है क्योंकि भारत सभी मोर्चों पर योजना बना रहा है। हालांकि नरेंद्र मोदी ने देश की सेना को स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करने के आदेश दे दिए है मगर फिर भी भारत ठोस योजना बनाकर ही पाकिस्तान और आतंकवादी के खिलाफ कार्रवाई करेगा।




